आजमगढ़। जिले में महिलाओं के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में पीड़िताओं ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें यौन शोषण, मारपीट, धमकी और गर्भपात कराने तक का आरोप है।
पहला मामला शहर कोतवाली है , जंहा
थाना मेहनगर क्षेत्र की पीड़िता ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आदित्य सिंह पुत्र राम सिंह निवासी पल्हनी, थाना सिधारी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और लगभग चार लाख रुपये भी ले लिए। पीड़िता का कहना है कि वह उसे घर भी ले जाता था और जब गर्भवती हुई तो शादी की बात करने पर आरोपी व उसकी मां रम्भा सिंह ने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि लखनऊ में शादी कराने के बाद भी उसे प्रताड़ित किया गया और दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया गया। 29 अगस्त को आरोपी ने उसके कमरे में घुसकर सर फोड़ दिया और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त आदित्य सिंह को भंवरनाथ रोड स्थित पान की दुकान के पास से बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में थाना बरदह क्षेत्र की वादिनी ने तहरीर देकर बताया कि प्रिन्स यादव पुत्र सुबेदार यादव निवासी जखांवा ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता के अनुसार 11 अगस्त की रात दोनों घर से भागकर चंडीगढ़ पहुंचे, लेकिन वहां प्रिन्स का भाई सोनू और सहयोगियों ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि सोनू और आनंद ने उसके साथ छेड़खानी की और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। बाद में जौनपुर ले जाकर प्रिन्स के परिवारजनों ने भी पीड़िता को पीटा और धमकाया। इस मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर बधवा महादेव तिराहे से प्रिन्स यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।
