आजमगढ़। जिले के थाना कंधरापुर क्षेत्र में गैरइरादतन हत्या के आरोप में तीन वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में एक व्यक्ति की आईस्क्रीम/फलूदा ठेला लगाने को लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के अंडर पास पर विवाद के दौरान मौत हो गई थी। दो दिन पहले दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता केसर देवी ने थाना में तहरीर देते हुए बताया कि उनके पति स्व. भैरूलाल, जो आईस्क्रीम/फलूदा का ठेला सेहदा पुल के नीचे लगाते थे, बीते 01 सितंबर 2025 को माल पहुँचाने के दौरान तीन युवकों से विवाद में उलझ गए। आरोपियों में अंकित उर्फ कालू, कमल सिंह और उदय सिंह, जो चितौड़गढ़, राजस्थान के निवासी हैं।
विवाद के दौरान आरोपियों ने एकजुट होकर मारपीट की, जिससे भैरूलाल गिर गए। उन्हें मौके पर उपस्थित सहायक सुरेश चन्द्र बैरेवा एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।घटना के आधार पर थाना कंधरापुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
गिरफ्तारी की कार्रवाई बुधवार को टैब हुई जब उ0नि0 अमित कुमार पाल, नितिन कुमार मिश्रा, आकाश गौड़ और अजीत कुमार यादव की टीम को मुखबिर से सूचना मिली और अभियुक्तों को अनवरगंज बाजार से हिरासत में लिया गया। आरोपियों के खिलाफ अन्य अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
