रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर पंचायत चुनाव को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक की। बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आने वाले पंचायत चुनाव में भाजपा को और मजबूती देना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस दौरान सेवा कार्यों, रचनात्मक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नई नीतियों से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। सुविधा बढ़ने के साथ ही लोगों का खर्च कम हुआ है और जनता का विश्वास सरकार के प्रति और मजबूत हुआ है।

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के रुख में हताशा साफ झलकती है। कांग्रेस यह मानकर चलती है कि देश उसकी निजी संपत्ति है और वही शासन कर सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी सोच का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं की टिप्पणियाँ महिलाओं और माताओं-बहनों का अपमान हैं और देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने पंचायत चुनावों पर पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि आमतौर पर ये चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते। केवल जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भाजपा प्रत्याशी के रूप में लड़ा जाता है, जबकि ग्राम सभा और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के चुनाव सिंबल पर नहीं लड़े जाते।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं का लगातार अपमान कर रहा है। चुनाव आयोग सहित अन्य संस्थाओं पर विपक्ष के नेताओं के बयान जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का नहीं बल्कि ‘केजरीवाल पैटर्न’ है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है। विपक्ष अपनी पराजय सुनिश्चित मान चुका है और नकारात्मक प्रचार कर रहा है। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी सरकारों का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जाएगी और आने वाले समय में भी एनडीए की ही सरकार बनेगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, ध्रुव सिंह, विनोद राजभर, जसवंत सिंह, संतोष सिंह, सुनील गुप्ता, घनश्याम पटेल, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, श्रीकृष्ण पाल प्रेम प्रकाश राय वन्दना सिंह, देवेंद्र सिंह, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव,लक्ष्मण मौर्या, हरिवंश मिश्रा, पवन सिंह मुन्ना, पूनम सिंह, राजेश सिंह महुआरी, विनय गुप्ता, नन्हकूराम सरोज नागेन्द्र पटेल, आनन्द सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
