आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 का आयोजन 06 एवं 07 सितम्बर 2025 को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रत्येक दिवस दो पाली में होगी—प्रथम पाली प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 से 05:00 बजे तक।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक आयोजित किया जाता है। लेकिन आगामी 06 सितम्बर (प्रथम शनिवार) को PET परीक्षा होने के कारण समाधान दिवस निर्धारित तिथि पर संभव नहीं है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों व जनता की सुविधा को देखते हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस की तिथि परिवर्तित कर दी गई है। अब यह कार्यक्रम 08 सितम्बर 2025 (सोमवार) को सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में अधिक से अधिक जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
