आज़मगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली में गुरुवार की सुबह  बस चालक रविकांत यादव बस में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। रात में बस में सोए रविकांत की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है।

मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के बोझी गांव निवासी 30 वर्षीय बस चालक रविकांत के छोटे भाई विजयकांत ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे बस मालिक नागेंद्र उनके भाई रविकांत को जगाने नरौली पहुंचे। काफी देर तक जब बस का दरवाजा नहीं खुला तो तब अंदर देखा गया तो रविकांत मृत अवस्था में पाए गए।  तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

रविकांत तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनके ही कंधों पर थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार को गहरा धक्का लगा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी घटना से शोक में डूबे हुए हैं।

पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।