आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 के पहले दिन आजमगढ़ जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर दोनों पालियों में कुल 4,920 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में 26 केन्द्रों पर हुई इस परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार निगरानी करते रहे।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने गांधी गुरुकुल इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल सहित कई केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और शांति व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
परीक्षा के अन्तर्गत प्रथम पाली में 12,096 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 9,682 उपस्थित रहे, जबकि 2,414 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में भी 12,096 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 9,590 उपस्थित और 2,506 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों को मिलाकर 19,272 परीक्षार्थी उपस्थित और 4,920 अनुपस्थित रहे।
जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई तथा कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
