रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों के वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही मामलों में पीड़िताओं को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के बाद धमकाया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पहला मामला थाना निजामाबाद क्षेत्र का है। जंहा बीते गुरुवार को एक पीड़िता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अर्जुन यादव उर्फ रामअवध पुत्र चनरु यादव निवासी डिहवाबारी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि 25 अगस्त को उसने अपने साथी पिन्टू पुत्र रमाशंकर यादव निवासी रघुनाथपुर थाना तहबरपुर के साथ भेजकर बुलवाया। रास्ते में पिन्टू ने बाइक रोककर बौलिया बाग के पास जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत हुआ। इसके बाद थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह ने टीम संग बीती रात भीरु की पुलिया मोड़, नहर पटरी से वांछित अभियुक्त धर्मवीर यादव उर्फ पिन्टू को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा मामला थाना मुबारकपुर क्षेत्र का है। यहाँ बीते 19 अगस्त को पीड़िता ने आरोप लगाया कि रामभवन उर्फ साहब पुत्र दशरथ ग्राम काशीपुर ने शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बनाकर जान से मारने की धमकी दी। बाद में शादी से इनकार कर दिया। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शनिवार को उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पुल के नीचे से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
