आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस का गुमशुदा मोबाइल खोजने का अभियान जनपद में सराहनीय सफलता हासिल कर रहा है। पिछले 18 महीनों में हजारों नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें लौटाया गया है, विशेष रूप से माह अगस्त 2025 में ही 105 मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को सौंपे गए। लगातार चल रहे इस अभियान ने लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन उनके असली मालिकों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में माह फरवरी 2024 से यह अभियान चल रहा है। गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जाती है और पुलिस द्वारा विशेष टीम बनाकर मोबाइल फोन को खोजकर स्वामियों को सुपुर्द किया जाता है। अब तक माह फरवरी 2024 से जुलाई 2025 तक कुल 1963 एंड्रायड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 03 करोड़ 60 लाख रुपये, बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। वहीं माह अगस्त 2025 में 105 मोबाइल फोन, कीमत लगभग 23 लाख रुपये, बरामद कर स्वामियों को सौंपे गए। इस प्रकार विगत 18 माह में कुल 2068 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 03 करोड़ 83 लाख रुपये, बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं। आज 07.09.2025 को रिजर्व पुलिस लाइन में बरामद मोबाइल फोन प्रत्येक स्वामी को सौंपे गए। पुलिस का यह अभियान नागरिकों में विश्वास बढ़ाने और खोए मोबाइल खोजने में प्रभावी साबित हो रहा है।
