रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। आबकारी विभाग और थाना कंधरापुर की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को 21.6 बोतल विदेशी शराब तथा 7,700 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान विक्रेताओं ने स्वीकार किया कि अनुज्ञापी के निर्देश पर शराब में पानी मिलाकर बिक्री की जाती थी।

06/07 सितंबर  को आबकारी निरीक्षक प्रभु नारायण सिंह अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र में अवैध शराब के निष्कर्षण और बिक्री की रोकथाम हेतु भ्रमण कर रहे थे। जुनैदगंज चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि आजमपुर स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान में अनुमन्य शराब की अवैध बिक्री हो रही है। टीम ने मौके पर पहुँचकर दुकान की जांच की तो अनुज्ञापन प्रस्तुत नहीं किया गया। लकड़ी के तख्ते के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियों में कुल 21.6 बोतल विदेशी मदिरा मिली।

इनमें आइकोनिक व्हाइट ग्रेन विस्की के 15 पौवे, सिग्नेचर प्रीमियर के 35 पौवे, मैक्डॉवेल नंबर-1 के 31 पौवे और रॉयल स्टैग के 39 पौवे शामिल थे। एल्कोहल परीक्षण में शराब में मिलावट भी पाई गई। पूछताछ में विक्रेताओं ने अनुज्ञापी रूदल यादव के निर्देश पर मिलावट कर अवैध बिक्री की बात स्वीकार की। आरोपियों की पहचान शशिकांत यादव उर्फ जगनू और राजेन्द्र पाल के रूप में हुई।

आबकारी अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वैध स्टॉक को सील कर दिया गया है।