रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौसहरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि दुर्गेश यादव को पीट-पीटकर और नशीला पदार्थ खिलाकर मार दिया गया। परिजनों ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।


बताया जा रहा है कि जीयनपुर के नौसहरा गांव निवासी दुर्गेश यादव पीईटी की परीक्षा देने के लिए घर आया था। रविवार की देर शाम उसने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर खेत के पास छोड़ दिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले गए, जहाँ से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जंहा उपचार के दौरान दुर्गेश की मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने गांव के ही छह लोगों पर पीटकर और नशीला पदार्थ देकर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि नौसहरा गांव के रहने वाले परिजनों ने सूचना दी कि उनके परिवार के सदस्य दुर्गेश यादव को गांव के ही छह लोगों ने मारपीट कर नशीली दवा पिला दी है। परिजनों ने उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।