रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर धर्मांतरण कराने के लिए प्रेरित करने वाले एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक मुस्लिम धर्म अपनाने की बात करते हुए अन्य धर्म, देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी करते दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक सईद, जो सीतापुर जिले का निवासी है, एक व्यक्ति को मुस्लिम समुदाय के बारे में जानकारी देते हुए अन्य धर्मों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर रहा है। वीडियो में देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज पर भी अशोभनीय बातें कही जा रही हैं। मामला सामने आने के बाद रविवार को देउरपुर में ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को बचाकर हिरासत में लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई लड़कियों को गायब किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो धर्मांतरण का होना प्रतीत हो रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। क्षेत्रधिकारी बुढ़नपुर और कप्तानगंज थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।