आजमगढ़। पुलिस ने पाँच माह से गुमशुदा/अपहृता 17 वर्षीय किशोरी को जनपद लखनऊ से सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया। इस कार्रवाई में थाना ए0एच0टी0 की टीम ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत इस अभियान को अंजाम दिया गया।
बीते 6 अप्रैल को थाना पवई जनपद आजमगढ़ में 17 वर्षीय किशोरी के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी पुत्री बिना बताए घर से चली गई थी। इस पर थाना पवई में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई, लेकिन तत्काल किशोरी का पता नहीं चल पाया।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर उक्त मामले की जिम्मेदारी थाना ए0एच0टी0 को सौंपी गई। दिनांक 10.09.2025 को प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा और उ0नि0 उमेश कुमार की टीम ने अभियान चलाकर किशोरी को पीएम आवास, अवध विहार योजना, गोल्फ सिटी, लखनऊ से बरामद किया।
बरामदगी के बाद किशोरी के बयान के आधार पर मामले में दो आरोपियों की पहचान अमन यादव पुत्र आद्या प्रसाद और सौरभ यादव पुत्र रामआसरे यादव दोनों थाना पवई जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपहृता/गुमशुदा व्यक्तियों की त्वरित बरामदगी के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
