रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के आरजी अजगर मगरवी गांव में जिउतिया पर्व के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिउतिया पर्व के एक दिन पूर्व महिलाओं ने अपने बच्चों की लंबी आयु व सुख-समृद्धि की कामना के लिए व्रत और पूजा की थी। इसी दौरान गांव के पूर्व प्रधान का बेटा विजय कुमार यादव बंदूक से कई बार गोलियां चलाते हुए दिखाई दिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि युवक लाइसेंसी बंदूक में गोली भरकर ऊपर की तरफ कई बार फायरिंग कर रहा है। आसपास काफी भीड़ मौजूद है। कुछ लोग बैठे हैं तो कुछ खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे हैं। फायरिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी, लेकिन युवक बेखौफ होकर गोलियां चला रहा है। किसी ने उसे रोकने का प्रयास नहीं किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक रौनापार थाना क्षेत्र के आरजी अजगर मगरवी गांव के विजय कुमार यादव, जो पूर्व ग्राम प्रधान का बेटा है, वह हर्ष फायरिंग कर रहा है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।