रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव में सोमवार की रात अर्धविक्षिप्त युवक को चोर समझकर ग्रामीणों ने जमकर पीट दिया। घटना सोमवार रात करीब 12 बजे हाईवे मार्ग पर हुई।

बताया जा रहा कि 30 वर्षीय युवक पैदल जा रहा था। ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया और लाठी‑डंडे से हमला कर दिया। युवक लहूलुहान हो गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को पकड़कर थाने ले जाकर इलाज कराया। उसे बरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पूछताछ में युवक की पहचान जयराम सिंह पुत्र रामसबद के रूप में हुई, जो ग्राम शाहखजूरा, थाना रानीकीसराय का निवासी है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। रात में परिजन थाने पहुंचे और बताया कि जयराम मंद बुद्धि का है। करीब एक सप्ताह पहले घर से खाना‑पीना छोड़कर कहीं चला गया था। परिवार के लोग रिश्तेदारों में खोजबीन कर रहे थे। इसकी गुमशुदगी की सूचना रानीकीसराय थाने में दी गई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था।

बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि भीरा गांव में सड़क पर जो युवक पकड़ा गया है, वह मंद बुद्धि का है। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच जारी है।