आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय, आजमगढ़ में मंगलवार को भगवान विश्वकर्मा और पेरियार ईवी रामास्वामी नायकर की जयंती जिला अध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विकास और सुधार में उनके योगदान को याद किया गया।

जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने सृष्टि के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने पेरियार ईवी रामास्वामी नायकर की जयंती पर कहा कि पेरियार ने समाज में फैली कुरीतियों, कुप्रथाओं, अंधविश्वास, ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी बुराइयों को समाप्त करने के लिए आंदोलन किया। उन्होंने समाज में वैज्ञानिक सोच और जागृति पैदा की। यादव ने कहा कि पेरियार महान समाज सुधारक, सामाजिक न्याय के पक्षधर और तर्कवादी विचारक थे, जिनके विचार और संघर्ष सदियों तक अमर रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली, विधायक अखिलेश यादव, विधायक डॉ संग्राम यादव, जिला उपाध्यक्ष राम प्यारे यादव, उद्यमी व समाजसेवी सुनील यादव, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव सहित अनेक नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।