आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना की पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में एक सूदखोर को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मधुकर मिश्रा करुई गांव का निवासी है और कुशलगांव बाजार में  मेडिकल स्टोर संचालित करता है। मधुकर पर आरोप है कि उसने मृतक शिवआसरे को अवैध बीसी और भारी ब्याज पर कर्ज देकर लगभग 20 लाख रुपये वसूल लिए। इसके अलावा एक ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवाकर चेक बाउंस कराने और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी थी।
बताया गया कि लगातार मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से परेशान होकर शिवआसरे ने बीते 26 मई  को अपनी दुकान की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था।

एसआई अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी मधुकर मिश्रा को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।