आजमगढ़। सेवा पखवाड़ा-2025 (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर) के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र आजमगढ़ परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व-कृतित्व, न्यू इंडिया @2047 तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित 15 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने फीता काटकर किया। तत्पश्चात उन्होंने प्रतिनिधियों संग प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।

विधान परिषद सदस्य ने कहा कि प्रदर्शनी विशेष है, इसे जरूर देखें। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन, न्यू इंडिया @2047 की संकल्पना व प्रदेश सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री ने मेहनत, व्यक्तित्व और कृतित्व से देश का नेतृत्व किया है, जो प्रेरणादायक है। हमें भी उनके अनुकरण से देश-प्रदेश व जनपद को विकसित बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने हेतु योजनाओं को हर वर्ग तक पहुँचा रहे हैं, जिससे गरीब, मजदूर समेत सभी को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं संग प्रदर्शनी का अवलोकन कर उन्हें प्रधानमंत्री के जीवन से परिचित कराया और कहा कि 2047 में जब आप युवा होंगे तो विकसित भारत कैसा होना चाहिए, इसके सुझाव क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकते हैं।

इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय जाफरपुर व राहुल चिल्ड्रेन एकेडमी रैदोपुर के विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी देखी।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, संयोजक आनन्द सिंह, शिक्षक दिनेश कुमार सिंह, निखिल उपाध्याय, अभिषेक राय, सुशीम, अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

