आजमगढ़। प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद रविवार को आज़मगढ़ पहुंचे और विभागीय अधिकारियों के साथ पीएम मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा की। मंत्री ने योजना के लाभ और क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के बाद मंत्री संजय निषाद ने बताया कि पीएम मत्स्य संपदा योजना को सामूहिक दुर्घटना बीमा से जोड़ा गया है, ताकि मछुआरों को सीधे लाभ मिल सके। मंत्री ने स्पष्ट किया कि योजना के कार्यान्वयन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी स्तर पर चूक पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गाजी सालार मसूद और औरंगजेब जैसे लुटेरों की बातें करने वाले लोग इस देश में रहने के योग्य नहीं हैं और उन्हें पाकिस्तान या बांग्लादेश चले जाना चाहिए। उन्होंने भारत के महान नायकों, सुहेलदेव और निषाद राज पर गर्व जताया।
भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ छोटे नेता अनावश्यक बयान देकर पार्टी की छवि को नुकसान न पहुँचाएँ। कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार में अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि पहले अपराधी विधानसभा पहुंचते थे, लेकिन अब डॉक्टर, इंजीनियर और पढ़े-लिखे लोग विधायक बन रहे हैं।
