रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बाइक सवार दो सगे भाइयों की जौनपुर जनपद के खुटहन के पास हुई दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन बेसुध हाल में हैं। दोनों भाई उस समय बहन को सामान देकर घर लौट रहे थे। अचानक हुए हादसे ने परिवार के सपनों को एक झटके में बुझा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव निवासी 18 वर्षीय प्रियांशु और 12 वर्षीय आयुष गुरुवार की शाम अपनी बहन श्रेयांशी को राशन देने जौनपुर जनपद के खुटहन गए थे। बहन बीफार्मा की पढ़ाई कर रही है। दोनों भाई सामान देकर बाइक से घर लौट रहे थे कि रास्ते में ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पिता रंजीत यादव जो मुंबई में ट्रक चलाते हैं, दुर्घटना की सूचना पाकर तुरंत घर के लिए रवाना हो गए। मां मीला देवी और बहन श्रेयांशी का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में परिवार के दोनों चिराग बुझ जाने से पूरा गांव शोक में डूब गया।
प्रियांशु 12वीं कक्षा में बरदह इंटर कॉलेज का छात्र था, जबकि आयुष छठी कक्षा में पढ़ता था। हादसे की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में प्रधानाचार्य अभयनारायन की अध्यक्षता में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई और विद्यालय को बंद कर दिया गया।
