रिपोर्ट: दीपक चौरसिया

आज़मगढ़। कहा जाता है कर भला तो हो भला… मगर कप्तानगंज के कादीपुर हरिकेश गांव में भलाई ही मौत का सबब बन गई। दरअसल बेटे के मित्र की बेटी पर निगरानी करने का दायित्व निभाना एक ट्रक चालक के परिवार को इतना महंगा पड़ा कि  कन्हैया की पीटपीट कर हत्या कर दी गई। जिससे पूरे गांव में तनाव फैल गया

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरिकेश गांव में शुक्रवार की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां कादीपुर हरिकेश गांव निवासी कन्हैया राजभर की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कन्हैया जम्मू में ट्रक चलाता था और दो दिन पहले ही घर आया था। बताया जा रहा है कि उसका 18 सितंबर को वाराणसी से बेगमपुरा ट्रेन से जाने का टिकट था, लेकिन स्टेशन देर से पहुंचने के कारण ट्रेन छूट गई और वह निराश होकर लौट आया था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यही घर वापसी उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कन्हैया का बेटा बबलू राजभर भी ट्रक चालक है। बबलू के घर से महज सौ मीटर की दूरी पर खरकौली गांव की दलित बस्ती है। बबलू राजभर के घर से दलित बस्ती का रास्ता गुजरता है। इसी बस्ती का एक युवक बबलू का दोस्त है।  बताया जा रहा है कि उसके दोस्त को शक था कि उसकी बेटी मोबाइल पर इधर-उधर बातचीत करती है। इस पर उन्होंने बबलू से अपनी बेटी की निगरानी करने के लिए कहा। बबलू ने मित्रता निभाने और भलाई करने के नाते बात मान ली, लेकिन यही कदम पूरे परिवार पर भारी पड़ गया। निगरानी को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने बबलू के पिता कन्हैया राजभर पर हमला कर दिया और उनकी मौत हो गई।

घटना से राजभर बस्ती में आक्रोश है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए गांव में भारी फोर्स तैनात कर दिया है। हमलावर पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं, वहीं पुलिस नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि भलाई करने के चक्कर में कन्हैया अपनी जान गंवा बैठा, जो पूरे गांव के लिए सबक बन गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही ष्पष्ट हो पायेगा कि आखिर घटना का असली कारण क्या है।

तीन सगे भाइयों समेत 5 पर FIR

कन्हैया राजभर की मौत के बाद पीड़ित परिवार के लोगों ने खरकौली गांव के दलित बस्ती निवासी पांच नामजद सहित अन्य कुछ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में तीन सगे भाई राम अवध, गुड्डू व राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं विकास, प्रमोद और कुछ अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।