आजमगढ़। जिले के 20वीं वाहिनी पीएसी के स्पोर्ट्स ग्राउंड पर रविवार को बारहवीं यूपी पुलिस वार्षिक मलखम्भ प्रतियोगिता-2025 का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह (आईपीएस) ने किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न जोनों से लगभग 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला, सहायक सेनानायक श्वेता आशुतोष ओझा, शिविरपाल अमरनाथ यादव, सूबेदार मेजर बीजेंद्र सिंह और टीम मैनेजर द्वारा मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वाहिनी और पीएसी/उत्तर प्रदेश पुलिस के टीम मैनेजर्स ने मुख्य अतिथि से परिचय प्राप्त कराया। सभी टीमों ने पीएसी बैण्ड की मधुर धुन पर ‘मार्च पास्ट’ किया, जिसमें उनकी उत्कृष्ट तैयारी और अनुशासन साफ झलक रहा था। मुख्य अतिथि ने टीमों के अभिवादन को स्वीकार किया और प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने मलखम्भ पर चढ़कर विभिन्न फॉर्मेशन और कौशल का प्रदर्शन किया। इनमें तीर कमान आसन, सामूहिक कमल, बटरफ्लाई, जिग जैग फॉर्मेशन और बजरंगी फॉर्मेशन शामिल थे। सभी प्रतिभागियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला, सहायक सेनानायक श्वेता आशुतोष ओझा, शिविरपाल अमरनाथ यादव, यूपी पुलिस कोच बदन यादव, खेल संचालक पीसी धीरेन्द्र बहादुर सिंह, मार्शल पीसी बीजेंद्र सिंह और वाहिनी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और आमंत्रित अतिथिगण मौजूद रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों में साहस, संतुलन और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है।
