रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ सैया संयुक्त जिला चिकित्सालय में नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया गया।

डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने इस अस्पताल के पांचवें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। 1987 बैच के रांची विश्वविद्यालय से एमबीबीएस और वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सिन्हा मूल रूप से नालंदा (बिहार) निवासी हैं और धनबाद से नेत्र चिकित्सा में पीजी कर चुके हैं। जनवरी 2025 तक वे जिला अस्पताल आज़मगढ़ में एसआईसी के पद पर कार्यरत थे।

पदभार ग्रहण करते हुए डॉ. सिन्हा ने कहा कि अतरौलिया का यह अस्पताल जिले का महत्वपूर्ण केंद्र है और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली प्रत्येक सुविधा मरीजों तक पहुँचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपातकालीन सेवाएँ 24 घंटे व्यवस्थित रूप से संचालित रहेंगी।

उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की कमी को लेकर शासन को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि उपलब्ध चिकित्सक समय पर ओपीडी करेंगे और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अधिक से अधिक सुविधाएँ एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना उनका मुख्य उद्देश्य है।