आजमगढ़। अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पवई थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गैंगेस्टर एक्ट के अभियुक्त रवि नोना उर्फ रवि लोना की अवैध सम्पत्ति को कुर्क किया गया।

अभियुक्त रवि नोना पुत्र रतिलाल निवासी शाहपुर फिरोजपुर थाना जलालपुर, अम्बेडकरनगर, लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय रहा है। उसने चोरी, लूट, डकैती, छिनैती और हत्या के प्रयास जैसे कई गम्भीर अपराधों को अपने गिरोह के साथ मिलकर अंजाम दिया। अभियुक्त के खिलाफ अब तक 35 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आजमगढ़, अम्बेडकरनगर, वाराणसी, जौनपुर और सुल्तानपुर जनपदों के थाने शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, रवि नोना ने अपराध से अर्जित अवैध धन से अपनी पत्नी के नाम पर एक सेकेंड हैंड बोलेरो वाहन 5 वर्ष पूर्व खरीदा था। वाहन की कीमत लगभग 1,36,000 रुपये आँकी गई है। इस सम्पत्ति को गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत जब्त करने का आदेश इसी 8 सितम्बर 2को जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ रविन्द्र कुमार द्वारा जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन में सोमवार को पवई थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लाल बहादुर बिन्द, हेड कांस्टेबल मंजीत ठाकुर, कांस्टेबल राकेश कुमार गौड़, अशफाक अंसारी और अनुराग यादवने बोलेरो को नियमानुसार कुर्क कर लिया।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गैंगस्टर रवि नोना द्ववारा अपराध जगत से अर्जित धन से एक बोलेरे खरीदी थी, जिसे आज जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुर्क कर दिया गया है, इसके साथ ही इसकी अन्य संपत्तियों की जांच चल रही है।