आजमगढ़। जिले में दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आज हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित दो दिवसीय पर्पल मेला-2025 का दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर छात्राओं ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनकर अपने आस-पास के लोगों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का समाधान भी किया। प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा और सृजनात्मकता की सराहना की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने, उनके मनोबल को बढ़ाने और उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकारें दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग पेंशन योजना, उपकरण वितरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शादी विवाह सहायता राशि, दुकान निर्माण जैसी कई योजनाएँ चला रही हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने आस-पास के बच्चों का यूनीक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड बनवाएं ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर राज्य दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. हिमांशु शेखर झा, राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के निदेशक श्री प्रदीप ए, सीआरसी गोरखपुर के निदेशक श्री जितेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संगीत महाविद्यालय हरिहरपुर के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना और सीआरसी गोरखपुर की टीम द्वारा स्वागत गीत एवं सामाजिक संदेशात्मक गीत प्रस्तुत किया गया।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बचपन डे केयर सेंटर, कैलाशी देवी शिक्षण संस्थान और राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
