रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बागपुर गांव में बुधवार की सुबह एक घर से आ रही तेज दुर्गंध ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में चारपाई पर मच्छरदानी में लिपटा महिला का शव बरामद हुआ। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शव 35 वर्षीय इंदू प्रजापति का है, जो महेश प्रजापति की पत्नी थी। मृतका का पति कई दिनों से लापता है। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी है और उसी को लेकर इंदू की हत्या की गई। इंदू के दो बेटे हैं, जिनमें एक ननिहाल व दूसरा बुआ के घर रहता है। बताया जा रहा है मृतका इंदु सीएचसी के पास एक समूह की कैंटीन में काम करती थी। चार-पांच दिन पूर्व पति उससे मिलने के लिए कैंटीन गया था। इसके बाद वह पति के साथ घर आई थी। चार-पांच दिन से ही घर बाहर ताला भी बंद था।
घटना की सूचना पर सीओ लालगंज, थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वही मौके पर पहुचे बेटे ने अपने पिता पर ही मां की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि घटना की हर एंगल से छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
