आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम को एक दुखद हादसा हुआ। गांव के पास बहती नहर में एक व्यक्ति गिरकर डूब गया। तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

मिली जानकारी के अनुसार,  लोदी गौड़,  55 वर्ष, पुत्र भोला गौड़, शारदा सहायक खंड 23 नहर के किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनके पैर फिसल गए और वह नहर में गिर गए। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण वे डूब गए। परिजनों को रात में उनकी अनुपस्थिति पर चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की, लेकिन किसी प्रकार का सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह करीब 9 बजे मेहनगर थाना क्षेत्र के कटातचक कटात के पास उनका शव नहर में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मेहनगर थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव की पहचान लोदी गौड़, निवासी रसूलपुर बाज बहादुर, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।