रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। वार्ड नंबर 1 के बुधनियां रोड पर नाले के निर्माण में अवरोध उत्पन्न कर रहे अस्थायी निर्माण को प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया। कार्रवाई होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

अधिशासी अधिकारी विजय शंकर अवस्थी ने बताया कि यह प्रकरण नितांत अस्थायी निर्माण का था, जो मार्ग के भीतर आकर रास्ते को अवरुद्ध कर रहा था। जल निकासी योजना के अंतर्गत नाले का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी मांग की थी कि घरों के सामने से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर नाला बनाया जाए। जिनके मकानों से यह जुड़ा था, उन्होंने किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 1 के सभासद पति हिमांशु विनायकर द्वारा निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन शासन की मंशा के अनुसार कार्यवाही पूरी कराई गई।

अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगर में जहां भी इस प्रकार का अस्थायी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नगर पालिका अधिनियम 1916 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
