आजमगढ़ । जिले के लालगंज बाजार स्थित एक फेमिली रेस्टोरेंट में शुक्रवार दोपहर बैठे युवक और युवती को गोली मार दी गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव निवासी आदित्य सिंह (20) पुत्र जीतबहादुर सिंह और पकड़ी खुर्द गांव निवासी आकांक्षा सिंह 18 पुत्री नीरज कुमार सिंह शुक्रवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब एक बजे दोनों लालगंज बाइपास स्थित एक फेमिली रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान युवती के पिता नीरज कुमार सिंह वहां पहुंचे और गोली चला दी।

बताया जा रहा है सबसे पहले गोली लड़की के चेहरे पर लगी, जबकि युवक भागने का प्रयास करने लगा तो उसे सड़क पर दौड़ाकर  गोली मारी गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया।

एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आज दोपहर में एक लड़की, एक लड़का और लड़की की मां रेस्टोरेंट में खाना का आर्डर दिए। इसी दौरान लड़की का पिता वहां पहुचा और दोनों में विवाद होने लगा तो उसने अपनी लाइसेंस असलहे से लड़की और लड़के को गोली मार दी दोनों को टिकरगड़ अस्पताल ले जाया गया जंहा से दोनों को हायर सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।