रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़-शाहगंज मार्ग पर सोमवार की सुबह  मनरा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के पेडरा गांव निवासी 65 वर्षीय अब्दुल्लाह सोमवार की सुबह अपनी बाइक से फूलपुर दवा लेने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे मनरा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने  मृतक के पास मिले आधार कार्ड व मोबाइल नंबर के जरिए पहचान  की। घटना की सूचना जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में तीन पुत्रियां और छह पुत्र हैं।

फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।