आजमगढ़। दीवानी न्यायालय के मीडिएशन सेंटर में वादी पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना में वादी का गला दबाने का प्रयास और मारपीट की गई थी, लेकिन अधिवक्ताओं ने समय पर बीच-बचाव से बड़ी घटना टल गई।

सोमवार को वादी संजय कुमार मिश्र, निवासी ग्राम नाला धर्मू, थाना कोतवाली, आजमगढ़ अपने मुवक्किल के साथ दीवानी न्यायालय के मीडिएशन सेंटर में उपस्थित थे। इसी दौरान विपक्षीगण अशोक कुमार (58) पुत्र विमल और अखिल कुमार (22) पुत्र अशोक, निवासी ग्राम हीरापट्टी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ ने वादी पर गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने वादी का गला दबाने का प्रयास किया और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान वादी की सोने की चेन भी गायब हो गई। अधिवक्ताओं ने समय रहते बीच-बचाव कर वादी की जान बचाई।

घटना के बाद थाना कोतवाली में पुलिस ने मामला दर्ज किया । मुखबिर की सूचना पर उ0नि0 सौरभ त्रिपाठी ने आज लगभग 4 बजे चर्च चौराहे से आरोपियों अशोक कुमार व अखिल कुमार को हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।