रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में रविवार की रात चोर समझे जाने पर युवक की पिटाई से शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और पत्थरबाजी के दौरान पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिससे पीआरवी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जाफरपुर हाइडिल के पास बृजभूषण यादव मकान का निर्माण करा रहे थे। रविवार की रात लगभग आठ बजे गांव निवासी इंद्रराज वहीं खड़ा था। आसपास के लोगों ने उसे चोर समझ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसकी खबर मिलते ही इंद्रराज के परिजन व उनके समर्थक मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया।
सूचना पाकर थाना सिधारी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान पीआरवी वाहन को नुकसान पहुंचा। हालात को काबू करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
थाना प्रभारी हीमेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में बृजभूषण यादव की तहरीर पर गांव के कोटेदार रामचंदर राम, इंद्रराज, सुनील सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
