रिपोर्ट:: आशीष निषाद

 अतरौलिया, आज़मगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अतरौलिया में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर पटेल चौक स्थित श्री जगत खादी ग्रामोद्योग संस्थान गोविंदपुर, अतरौलिया द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संस्थान के संचालक ललित मौर्य ने गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर विश्व को शांति और एकता का संदेश दिया। आज उनके विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया गौड़ ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश की रीढ़ समान किसानों और जवानों को प्रेरित करता है। हमें उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।
गांधी व शास्त्री जयंती पर अतरौलिया क्षेत्र के सभी सरकारी संस्थानों, एवं निजी संस्थानों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।