आज़मगढ़: जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवपार रोड पर बुधवार की शाम सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब साथ बजे देवपार रोड पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कंधरापुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
