रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना  क्षेत्र के बीकापुर गांव में गुरुवार की सुबह बेसो नदी में एक वृद्ध का उतराया हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक बुधवार से लापता थे, जिनकी परिवार के लोग लगातार तलाश कर रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव निवासी 65 वर्षीय रासा राम बुधवार दोपहर घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिससे परिवार परेशान था। गुरुवार सुबह ग्रामीण जब बेसो नदी के तट पर पहुंचे, तो वहां पानी में एक शव उतराया हुआ दिखाई दिया।

शव की पहचान रासा राम के रूप में हुई। सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।