आज़मगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जयगहां गांव में प्रस्तावित थाना भवन निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विभाग द्वारा जिस स्थान को थाना निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है, उस जगह पर हिंदू समाज की दलित बिरादरी के लोग लंबे समय से अपने पूर्वजों को दफनाते आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जब विभाग की ओर से थाना निर्माण की सूचना ग्रामीणों को मिली, तो पासवान और प्रजापति समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी आज़मगढ़ से मिलकर ज्ञापन सौंपा और थाना निर्माण का विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले थाना भवन के लिए मोहम्मदपुर में प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन समाजवादी पार्टी के एक विधायक के दबाव में उपजिलाधिकारी ने यह कहते हुए स्थान बदल दिया कि वहां मुसलमानों के पूर्वज दफन हैं। इसके बाद नया स्थान जयगहां में तय कर दिया गया।
दलित समाज के लोगों ने प्रशासनिक निर्णय को अन्यायपूर्ण बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी पूर्वजों की दफन भूमि पर थाना निर्माण रोकने की मांग रखी।
