रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। दिवाली पर्व के मौके पर शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को विशेष कार्रवाई करते हुए शहर के बीहरी जी मंदिर के पास एक घर में छापा मारकर अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा। पुलिस ने घर से 13 कार्टून यानी करीब दो क्विंटल 90 किलो पटाखे बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। शहर के बीचो-बीच, घनी आबादी वाले इलाके में इतनी मात्रा में पटाखों का भंडारण होना बेहद खतरनाक माना जा रहा है।

शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि फरास टोला मोहल्ला घनी आबादी वाला क्षेत्र है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहल्ले के निवासी विशाल गुप्ता अपने घर में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और घर से दो क्विंटल 90 किग्रा पटाखे बरामद किए। इस मामले में विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है और उससे अभी पूछताछ जारी है। 

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि अवैध पटाखों के निर्माण व भंडारण के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। उस अभियान में शहर के विशाल गुप्ता के घर से भारी मात्रा में पटाखा बरामद हुआ है जिसकी कीमत तीन लाख रुपये आंकी गई। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।