आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बालक की पोखरी में डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मेंहनगर के देवरिया निवासी संजय राम का इकलौता पुत्र अर्जुन शुक्रवार दोपहर लगभग ढाई बजे अपने चचेरे भाई छह वर्षीय करन के साथ गांव में घूमने गया था। लौटते समय दोनों गांव के मध्य स्थित पोखरी के पास पहुंचे, तभी अर्जुन फिसलकर गहरे पानी में चला गया। करन ने शोर मचाकर घर वालों को सूचना दी। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन पानी में डूब चुका था। तैरना जानने वाले ग्रामीणों ने पोखरी में उतरकर करीब 30 मिनट की तलाश के बाद उसका शव बाहर निकाला।
अर्जुन का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अर्जुन के बड़े भाई की मौत भी एक वर्ष पूर्व निमोनिया से हो गई थी। एक साल के भीतर दोनों पुत्रों की मौत से पिता पूरी तरह टूट चुके हैं।
ग्राम प्रधान अदालत सरोज ने बताया कि यह पोखरी में डूबने की तीसरी घटना है। चार वर्ष पूर्व मत्स्य पालन की नीलामी के समय ग्रामीणों ने तत्कालीन एसडीएम को शिकायत देकर मत्स्य पालन रोकने की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
