रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के मुख्य कस्बे में बीती रात एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

बताया जा रहा है कि बरदह कस्बा निवासी 22 वर्षीय अंकित गुप्ता पुत्र स्व. राजू रात घर में अपने दो दोस्तों हेमंत राव और आलोक के साथ मौजूद था। इसी दौरान अवैध असलहे से गोली चल गई और अंकित के सीने में लग गई। आनन-फानन में दोनों दोस्त उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस घटना में अंकित के एक दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जबकि दूसरा फरार चल रहा है।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक अंकित गुप्ता की मौत उसके ही घर में होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ घर में मौजूद था और उन्हीं ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए एक दोस्त आलोक ने बताया कि वे दोनों लाइट लगाने का काम करते हैं। उन्हें एक कट्टा मिला था, जिसे लेकर वे अंकित के घर पहुंचे और उसे टेस्ट करते समय गोली चल गई, जिससे अंकित की मौत हो गई। पुलिस दूसरे दोस्त हेमंत की तलाश में जुटी है।