रिपोर्ट: दीपक चौरसिया

आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील के चेंवता गांव स्थित हनुमानगढ़ी मैदान में रविवार से पंचकुंडी शतचंडी महायज्ञ एवं सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आरंभ राधा–कृष्ण, भगवान शंकर और भगवान नरसिंह की भव्य झांकियों तथा सैकड़ों महिलाओं और कन्याओं की कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना दिया।

सनातन सेवा संस्थान के बैनर तले आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन धनंजय सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। यह आयोजन 2 नवम्बर से 9 नवम्बर तक चलेगा, जबकि 10 नवम्बर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा। श्रीमद भागवत कथा प्रतिदिन बालयोगी संत संजय जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु सुनेंगे।

रविवार को हनुमानगढ़ी मैदान से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बाद प्रारंभ हुई कलश यात्रा बाबा गोपीदास की कुटी होते हुए कप्तानगंज कस्बे स्थित पंचदेव मंदिर तक पहुंची। वहां से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु पुनः उसी मार्ग से हनुमानगढ़ी मैदान लौटे, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के स्वागत व जलपान की व्यवस्था स्थानीय लोगों द्वारा की गई थी।

इस अवसर पर दिनेश तिवारी, राजभवन राम, भीमसेन, प्रहलाद सिंह, राजेश सिंह, दयाराम एडवोकेट, ज्ञानेंद्र सिंह, राघव तिवारी, प्रदीप गौड़, प्रताप चौहान, अजित, राजू चौरसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।