रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी के घर पर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लेखपाल को बुलाकर नापी कराई और उसके अवैध निर्माण को गिराने की तैयारी में है।

बीते शनिवार की देर शाम अंकित गुप्ता पुत्र स्व. राजकुमार गुप्ता, निवासी बरदह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, आरोप हैं कि  मृतक  हेमंत राय व आलोक प्रजापति ने असलहे से गोली मारी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।  इस मामले में थाना बरदह पर मृतक के मामा प्रदीप गुप्ता निवासी जौनपुर ने तहरीर देकर उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को आलोक प्रजापति पुत्र चंदू प्रजापति निवासी पूरनपुर, थाना केराकत, जौनपुर को पारा मोड़ से दोपहर में गिरफ्तार कर लिया और विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।

बताते चलें कि फरार आरोपी हेमंत राय के घर पर पुलिस ने सोमवार को लेखपाल को बुलाकर सरकारी भूमि पर बने उसके मकान की नापी कराई। प्रशासन अब अवैध निर्माण को हटाने की तैयारी में है। इसके अलावा पुलिस ने चार पहिया वाहनों को भी आरोपी के घर से थाने पर लाकर कब्जे में ले लिया है।