आजमगढ़ । जिले की पुलिस ने अंतर्जनपदीय महिला चेन स्नैचरों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से एक सोने की चेन बरामद हुई है। सभी महिलाएँ गोरखपुर जिले की रहने वाली हैं और कई जिलों में सक्रिय बताई जा रही हैं।
थाना सरायमीर क्षेत्र की इसरत पत्नी मोहम्मद अख्तर निवासी दरिखा शेख अहमदपुर सोमवार की सुबह संजरपुर बाजार जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। उसी ऑटो में पहले से उनकी पड़ोसी रंजू चौरसिया भी बैठी थीं। जब वाहन खानपुर पहुंचा तो मुख्य मार्ग पर खड़ी पांच अज्ञात महिलाएँ ऑटो में सवार हो गईं। कुछ दूरी चलने पर उनमें से एक महिला ने इसरत के कंधे पर हाथ रखकर पैर दबाना शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद सभी महिलाएँ ऑटो से उतर गईं।
इसरत को शक हुआ तो उसने देखा कि उसके गले की सोने की चेन गायब है। उसने शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।
तलाशी में नेहा उर्फ किरन पत्नी रोहित उर्फ राकेश निवासी बन्दुवरी, थाना ऊरुवा बाजार, जनपद गोरखपुर के पास से इसरत की कटी हुई सोने की चेन बरामद हुई।
पकड़ी गई अन्य महिलाओं में सिब्बू उर्फ पूजा, सुनीता उर्फ कंचन, सिम्पी उर्फ शीला और मधु उर्फ अनीता शामिल हैं, जो सभी बड़हलगंज थाना क्षेत्र, जनपद गोरखपुर की रहने वाली हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपित महिलाओं का आपराधिक इतिहास रहा है और ये गिरोह कई जिलों में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में संलिप्त है।पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
