आजमगढ़। डाक विभाग ने जनता की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब आजमगढ़ और मऊ के प्रधान डाकघरों में 24 घंटे डाक बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। विभाग ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आवश्यक कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। वही चुनिन्दा डाकघरों के समय को एक घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है।

प्रवर अधीक्षक डाकघर, आजमगढ़ मण्डल  राम सिंह राना ने बताया कि आजमगढ़ मण्डल के अन्तर्गत प्रधान डाकघर आजमगढ़ तथा प्रधान डाकघर मऊ में डाक की बुकिंग का कार्य अब चौबीसों घंटे किया जा सकेगा। यह सुविधा केन्द्र सरकार की पहल के अन्तर्गत आम नागरिकों को सुलभ डाक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है।

उन्होंने बताया कि 24 घंटे बुकिंग के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसके लिए आवश्यक संसाधन जुटा लिए गए हैं तथा कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस नई पहल से आजमगढ़ और मऊ की जनता को विशेष लाभ मिलेगा। व्यापारी वर्ग, नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थियों को अब डाक सेवाओं के लिए समय की बाध्यता का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इसके अतिरिक्त मंडल के अन्य डाकघरों में भी सेवा विस्तार किया गया है। सगड़ी, कोपागंज, घोसी, मोहम्मदाबाद गोहना, मुबारकपुर, रतनपुरा, तेरही, फूलपुर और सरायमीर डाकघरों में डाक बुकिंग का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है। डाक विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था भविष्य में और भी अधिक स्थानों पर लागू की जाएगी ताकि ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बेहतर डाक सेवाएं मिल सकें।