आजमगढ़। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अवंतिका पुरी स्थित सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जनपद के 27 स्थलों पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान कार्यक्रम होता है, जिनमें अधिकांश स्थल तमसा नदी के किनारे तथा कुछ बड़े पोखरों में स्थित हैं। इन्हीं में से एक प्रमुख स्थल अवंतिका सरोवर भी है, जो 84 बीघे क्षेत्र में फैला है। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहाँ लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालु स्नान करेंगे, मंदिर में जल चढ़ाएँगे और मेले में भाग लेंगे।

जिलाधिकारी ने स्नान एवं मेले के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिसर और सरोवर की बेहतर सफाई कराने के साथ ही पानी की गहराई को देखते हुए सरोवर में बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्नान घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।