रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़।जिले के बरदह थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश में हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सोमवार की रात लाठी-डंडे से गांव के ही एक परिवार पर हमला कर दिया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।
बरदह थाना के हदिसा दयालपुर निवासी वादी विपिन पुत्र स्वर्गीय स्वामीनाथ ने थाना बरदह में तहरीर दी थी कि सोमवार की रात करीब आठ बजे गांव के प्रभु राजभर, विशाल राजभर, धर्मेंद्र राजभर और उनके अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से उस पर और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में सभी को गंभीर चोटें आईं।
घटना के आधार पर थाना बरदह में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बुधवार को उपनिरीक्षक धर्मदेव यादव के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए त्रिवेणी मोड़ से तीन अभियुक्तों प्रभु राजभर पुत्र शंकर, विशाल राजभर पुत्र प्रभु और धर्मेंद्र राजभर पुत्र करिया, तीनों निवासी ग्राम हदिसा दयालपुर, थाना बरदह को सुबह गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष बरदह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
