आजमगढ़। बैंककर्मी की शर्मनाक करतूत का वीडियो वायरल होने और खबर  के बाद अब पुलिस हरकत में आ गई है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो पर लगातार लोगों की प्रतिक्रियाएं आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बताते चलें कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा युवक साहिल कुमार बताया जा रहा है, जो रैदोपुर एलआईसी बिल्डिंग के पीछे के मोहल्ले का रहने वाला है और वर्तमान में मऊ जनपद के एक बैंक में कार्यरत है। इस वीडियो का एक और पहलू लोगों का ध्यान खींच रहा है  जब यह अमानवीय कृत्य हो रहा था, तभी पीछे एक कुत्ता यह दृश्य देखकर जैसे खुद शर्मिंदा-सा नजर आ रहा था। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने टिप्पणी की है कि कुत्ता भी इंसानियत दिखा गया, इंसान तो मर्यादा भूल गया।

बुधवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला, जिसके बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, अब पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए साहिल को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि शहर कोतवाली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमे एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के ऊपर पेशाब कर रहा है। आरोपी व्यक्ति की पहचान साहिल पुत्र लालचंद्र निवासी रैदोपुर के रूप में हुई है। जिसे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।