रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुए शर्मनाक वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति आपस में दोस्त और पड़ोसी हैं, और घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। पुलिस ने वीडियो में अमर्यादित हरकत करने वाले साहिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में चालान कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि वायरल हुआ यह वीडियो आजमगढ़ शहर के रैदोपुर इलाके का है, जिसमें युवक अपने ही दोस्त के चेहरे पर पेशाब करता नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया था। लोगों ने आरोपी के इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की और कार्रवाई की मांग उठाई थी।

पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति साहिल कुमार पुत्र लालचंद निवासी रैदोपुर है, जो अपने पड़ोसी और मित्र सुनील कुमार पुत्र स्वर्गीय रामदुलारे पर यह हरकत कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के वक्त दोनों शराब के नशे में थे। थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए  धारा 296, 352, 355, 270 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त साहिल कुमार को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष चालान किया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति इस तरह की अमर्यादित या आपत्तिजनक गतिविधि करने अथवा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचे, क्योंकि ऐसा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि 15 सेकंड का यह वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें बैंककर्मी साहिल कुमार अपने ही दोस्त पर पेशाब करता दिख रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। खास बात यह रही कि वीडियो में पीछे खड़ा एक कुत्ता यह दृश्य देखकर जैसे खुद शर्मिंदा-सा दिखाई दे रहा था। इसी वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।