आजमगढ़। यातायात माह  के अवसर पर शनिवार को जनपद में ‘मैं राहगीर जिम्मेदार हूँ’ शीर्षक से जागरूकता एवं सुधार कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

अभियान के तहत रेडियो एफएम के माध्यम से जनपदवासियों से यह अपील की गई कि वे स्वयं बताएं कि जनपद के किन स्थानों पर यातायात व्यवस्था से संबंधित सबसे अधिक समस्याएँ हैं। जनता द्वारा सुझाए गए स्थानों के आधार पर थानावार सूची तैयार कर ली गई है। पब्लिक डिमांड के अनुसार आज शाम 5:30 बजे से जनपद के सभी थानों में चिन्हित स्थलों पर यातायात सुधार हेतु प्रवर्तन कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रशिक्षणरत महिला रिक्रूट आरक्षियों ने अग्रसेन चौक पर ट्रैफिक संकेतों व प्रतीकों के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। महिला आरक्षियों ने लोगों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन तथा ट्रैफिक सिग्नल का अनुपालन करने का महत्व बताया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि ‘सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर राहगीर की साझा जिम्मेदारी है।’

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि यातायात व्यवस्था को जनता की सहभागिता से और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित तथा प्रभावी बनाया जाएगा।