रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के अनवरगंज बाजार में रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़ की ओर से सवारियां लेकर आ रहा एक ऑटो जैसे ही अनवरगंज बाजार के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

इस हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान अनुष्का 17 वर्ष निवासी ग्राम धरशन और राजू यादव 30 वर्ष निवासी ग्राम अखईपुर, थाना कंधरापुर के रूप में हुई है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा। घायलों में सूरसती देवी और एक अन्य युवती शामिल हैं। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

सूचना मिलते ही कंधरापुर थानाध्यक्ष अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।