आज़मगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन हनुमानगढ़ी मोहल्ले में शनिवार रात विवाहिता वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका वंदना 23 वर्ष पुत्री जयराम सोनकर, निवासी नई बाजार, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ की शादी दो वर्ष पूर्व संतोष सोनकर निवासी सिविल लाइंस हनुमानगढ़ी, लालगंज, थाना देवगांव से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए वंदना का गला दबाकर हत्या की और बाद में फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मृतका के पिता जयराम सोनकर की तहरीर पर देवगांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की गई है और मामले की जांच की जा रही है।
