आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के खेल मैदान में अंतर महाविद्यालयीय महिला/पुरुष कुश्ती एवं योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र एवं परीक्षा नियंत्रक श्री आनंद कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रतियोगिता में डी.ए.वी. कॉलेज, रघुपुर पीजी कॉलेज, मां गंगा गौरी पीजी कॉलेज, संत गणिनाथ राजकीय पीजी कॉलेज मोहम्मदाबाद मऊ, डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ सहित कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि योग अनुशासन की पाठशाला है और कुश्ती में भी अनुशासन सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि अब समय दूर नहीं जब महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपना दबदबा बनाएंगे। कुलपति ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और योग में भाग लेने वाली छात्राओं की एकाग्रता व प्रदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता में प्रो. अमरजीत आयोजन सचिव, डॉ. युगांत उपाध्याय रेफरी, तथा पर्यवेक्षक के रूप में विपिन चंद्र अस्थाना, डॉ. प्रशांत राय, डॉ. अर्पिता मिश्र, डॉ. अजय वर्मा और काशी से आए डॉ. हरिराम यादव मौजूद रहे। योग प्रदर्शन में स्नेहा मौर्य, रवीना स्मिता, राजेश्वरी और तेजस्विनी ने अपने प्रदर्शन से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
